धोनी ने लगाया जीत का चौका तो रोहित ने पकड़ लिया सिर, मुंह लटकाए दुखी होकर लौटे पवेलियन

आईपीएल 2022 का 33वां मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच खेला गया. इस मुकाबले में चेन्नई ने मुंबई को तीन विकेटों से हराया. चेन्नई की जीत के हीरो महेंद्र सिंह धोनी रहे, जिन्होंने आखिरी गेंद पर चौका जड़ दिया. मुंबई की यह इस सीजन में लगातार सातवीं हार है. यह मुंबई का इस सीजन में सबसे खराब प्रदर्शन है.
पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस ने 7 विकेट खोकर 155 रन बनाए थे, जिसके जवाब में सीएसके टीम की शुरुआत तो बेहद खराब रही. लेकिन आखिरी गेंद पर धोनी ने चौका लगाकर अपनी टीम को जीत दिला दी. धोनी ने इस मुकाबले में 13 गेंदों में तीन चौकों और एक छक्के की मदद से 28 रन की पारी खेली. धोनी 7 नंबर की जर्सी पहनकर खेलने उतरे. उन्होंने जैसे ही जीत का चौका लगाया, मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा ने अपना सिर पकड़ लिया.
Woooow Dhoni the Finishers Forever 🔥🔥🔥🔥 #CSK𓃬 #Dhoni #cs #IPL pic.twitter.com/Dj7IGbWK7E
— Thala Dhoni (@mdrafe07) April 21, 2022
इस हार से रोहित शर्मा बहुत ज्यादा दुखी थे और वह मुंह लटकाए पवेलियन वापस लौटे. इस सीजन में मुंबई का अब प्लेऑफ में पहुंचना नामुमकिन हो चुका है. पिछले सीजन में भी रोहित की कप्तानी में मुंबई इंडियंस प्लेऑफ में नहीं पहुंच सकी थी. रोहित शर्मा इस सीजन में बल्लेबाज के रूप में भी कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर पा रहे हैं. चेन्नई के खिलाफ मैच में तो रोहित 2 गेंदों में बिना खाता खोले ही आउट हो गए. रोहित के अलावा ईशान किशन भी इस मैच में शून्य पर पवेलियन लौट गए.