देशवासियों और अपने फैंस से सचिन तेंदुलकर ने कहा- कृपया मदद करें
क्रिकेट के भगवान सचिन तेंदुलकर ने हाल ही में भारतीय लोगों से बाढ़ पीड़ितों की सहायता करने की विनती की है। उन्होंने अपने ऑफिशियल ट्विटर अकाउंट पर एक पोस्ट के जरिए लोगों से मदद करने की अपील की।
ट्विटर पर उन्होंने लिखा कि इन दिनों भारत में कई इलाकों में बाढ़ आ गई है और उन इलाकों में तबाही का मंजर है। हालांकि अब जलस्तर में कमी आई है जिससे हालात पहले से अच्छे हो गए हैं। मैं पीएम राहत कोष में बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए दान दे चुका हूं। अब आप सभी की बारी है कि आप भी बाढ़ पीड़ितों की मदद करें।
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि भारत के कई राज्य बाढ़ से जूझ रहे हैं। अब तक बाढ़ की वजह से सैकड़ों लोगों की जान जा चुकी है। दक्षिण और पश्चिम के इलाकों में बाढ़ ने तबाही मचा रखी है। यहां पर 227 लोग अपनी जान गवां चुके हैं। कर्नाटक, महाराष्ट्र और गुजरात में बाढ़ की वजह से 107 लोगों की जान जा चुकी है।
बात उत्तर भारत की हो तो वहां पर भी बाढ़ का कहर जारी है। उत्तराखंड में 34 लोग बाढ़ की वजह से अपनी जान गवा बैठे। केरल में मृतकों की संख्या 85 के पार पहुंच गई है। केरल में लगभग 3,00,000 लोग बाढ़ की वजह से प्रभावित है।
मौसम विभाग की माने तो अभी बाढ़ का खतरा टलने वाला नहीं है। आने वाले समय में जल स्तर बढ़ सकता है और परेशानी भी बढ़ सकती हैं। अभी और भी कई इलाके बाढ़ की चपेट में आ सकते हैं।